June 18, 2025
07 (3)

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए कायराना आतंकी हमले में लगभग 28 निर्दोष नागरिकों की दर्दनाक मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी और पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने भी इस कायराना हमले की निंदा की है। इस संबध में बुधवार को महानगर कांग्रेस व यूथ कांग्रेस सहित आम जनों की ओर से तहसील में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में सर्वप्रथम हमले में मारे गए सभी लोगों की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

तत्पश्चात अपने संबोधन में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि यह हमला केवल एक राज्य या धर्म पर नहीं, बल्कि समूची मानवता पर हमला है। मासूम, निहत्थे नागरिकों को निशाना बनाना कायरता की पराकाष्ठा है। इस मामले में केंद्र सरकार को बिना देर किए सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हर नागरिक को जागरूक रहना होगा और एकजुट होकर देश की अखंडता को बनाए रखना होगा।

इससे पूर्व उन्होंने पेशावर कांड के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की तहसील में स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने भी आतंकियों की इस कायराना हरकत की निंदा की है और रक्षामंत्री से आतंकियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, प्रदेश सचिव गणेश नेगी,यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय रावत, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह बिष्ट और पूर्व राज्य मंत्री विजय नारायण सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *