June 18, 2025
06-

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के समक्ष विश्वविद्यालय की प्रगति एवं गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। कुलपति ने राज्यपाल को विश्वविद्यालय में चल रहे शैक्षणिक, शोध, प्रशासनिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए चुनौतियों और आवश्यकताओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में अब तक 7 समझौता ज्ञापन संपादित किए जा चुके हैं। साथ ही स्वामी विवेकानंद-महात्मा गांधी आध्यात्मिक पर्यटन परिपथ अध्ययन केंद्र, देवभूमि उद्यमिता केंद्र, हैप्पीनेस सेंटर, शोध सलाहकार समिति का गठन, और फोरेंसिक विज्ञान, हिमालयन फोटोग्राफी, दर्शनशास्त्र, एनसीसी जैसे विशिष्ट विषयों में पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं।

विश्वविद्यालय से सम्बद्ध परिसरों में 40 से अधिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं। कुलपति ने आईक्यूएसी की गतिविधियों, खेल आयोजन, पुस्तकालय व्यवस्था, परीक्षा सुधार कार्यक्रम, योग प्रचार, और जनजागरूकता अभियानों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में प्रयास जारी हैं। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कुलपति को आश्वस्त किया कि वे विश्वविद्यालय में आ रही हर चुनौती के समाधान हेतु हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने शीघ्र ही विश्वविद्यालय का भ्रमण करने की भी बात कही। कुलाधिपति ने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर के अग्रणी शिक्षण संस्थानों की पंक्ति में लाने के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *