March 13, 2026
439a4a84-a8c0-4e07-8a59-7b3d715ee0f5.jpg

एक गिरफ्तार, संचालक की तलाश जारी

पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस टीम ने मेडिकल स्टोर में कार्यरत कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा मेडिकल स्टोर के संचालक की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस, सीआईयू, एएनटीएफ व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा छापेमारी की कार्यवाही के दौरान डा. सूरज के मेडिकल स्टोर से 6288 नशीले कैप्सूल (स्पास्मों एसिटामिनोफेन ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड एवं डाइसाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड) बरामद किए गए। इस मामले में टीम द्वारा मेडिकल स्टोर में कार्यरत कर्मचारी अरुण कंडवाल को तत्काल मौके से हिरासत में लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इन नशीले कैप्सूलों को कोटद्वार क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से बेचने का कार्य करता है। पुलिस के अनुसार बरामद कैप्सूलों की कुल मात्रा 2420.88 ग्राम है। जिसमें 250 ग्राम से ज्यादा वाणिज्यिक मात्रा है। पुलिस द्वारा मेडिकल स्टोर के संचालक डा. सूरज निवासी स्टेडियम कालोनी लकड़ी पड़ाव की तलाश की जा रही है।

पुलिस द्वारा आरोपी अरुण कंडवाल पुत्र सिद्धानंद कंडवाल निवासी निकट आंचल डेरी मानपुर को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैद्यानिक कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जयपाल सिंह प्रभारी सीआईयू, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार प्रभारी बाजार चौकी, आरक्षी हरीश सीआईयू, आरक्षी अमरजीत साइबर सेल, आरक्षी बृजपाल व आरक्षी अनुज त्यागी के अलावा नीरज त्यागी औषधि निरीक्षक पौड़ी मय टीम उपस्थित थे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *