February 24, 2026
ea1a3004-4140-4513-b676-5439801416be.jpg

आज सिविल लाइन स्थित श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर के पावन प्रांगण में श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य केंद्र आगामी हिंदू नव वर्ष पर प्रकाशित होने वाली ‘त्योहार तालिका’ रहा, जिसे विद्वान आचार्यों के गहन विचार-विमर्श के बाद अंतिम रूप प्रदान किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए सभा के मंत्री सौरभ भूषण शर्मा ने कहा,
“आज की यह बैठक सनातन धर्म की परंपराओं की शुद्धता को अक्षुण्ण रखने की दिशा में एक बड़ा कदम है। अक्सर देखा जाता है कि गणना के सूक्ष्म अंतर के कारण समाज में त्योहारों की तिथियों को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था और अनुष्ठान प्रभावित होते हैं। हमारा संकल्प है कि सभा के माध्यम से एक ऐसी प्रामाणिक ‘त्योहार तालिका’ जनमानस तक पहुँचे, जो पूरी तरह शास्त्रसम्मत और ज्योतिषीय गणना की दृष्टि से अचूक हो।

अब सनातनी समाज पूरे आत्मविश्वास के साथ एक ही दिन और सही मुहूर्त में अपने पर्व मना सकेगा।” आचार्य पंडित रमेश सेमवाल ने कहा, “पंचांग भेद और गणितीय भिन्नता के कारण तिथियों में आने वाली विसंगतियों का निराकरण करना शास्त्रसम्मत धर्म है। हमने धर्मसिंधु और निर्णयसिंधु जैसे प्रामाणिक ग्रंथों के आलोक में प्रत्येक पर्व की उदया तिथि, नक्षत्र और भद्रा आदि दोषों का सूक्ष्म विश्लेषण किया है। समाज में जो ‘दो दिन’ का संशय बना रहता है, उसे आज पूरी तरह स्पष्ट कर दिया गया है।” आचार्य रजनीश शास्त्री ने कहा, “गणनाओं की शुद्धता ही धर्म की नींव है। ज्योतिषीय गणना को पूरी सटीकता के साथ तालिका में समाहित किया गया है।”

पुरोहित कल्याण समिति के अध्यक्ष आचार्य राजकुमार कौशिक ने कहा, “धर्म और ज्योतिष का समन्वय ही समाज को सही दिशा देता है। आज की बैठक ने सनातनी तिथियों की मर्यादा को और पुख्ता किया है।” सभा प्रधान सुरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि सभा का उद्देश्य धर्म का प्रचार-प्रसार और उसकी शुचिता बनाए रखना है तथा यह तालिका शीघ्र ही प्रकाशित कर समाज में वितरित की जाएगी।
कोषाध्यक्ष भगवत स्वरूप ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक इस सटीक और प्रमाणिक जानकारी को पहुँचाना सभी का सामूहिक दायित्व है।

बैठक में मुख्य रूप से सौरभ भूषण शर्मा (मंत्री), सुरेश कुमार अग्रवाल, भगवत स्वरूप, आचार्य पंडित रमेश सेमवाल, आचार्य रजनीश शास्त्री, आचार्य राजकुमार कौशिक, पंडित राम गोपाल, पंडित बबलू शर्मा, पंडित वैभव शर्मा, पंडित हरि नारायण, आचार्य रोहित शर्मा और आचार्य सचिन शर्मा सहित अनेक विद्वान उपस्थित रहे। सभा द्वारा तैयार की गई ‘त्योहार तालिका’ को हिंदू नव वर्ष से पूर्व प्रकाशित कर आमजन के बीच वितरित किया जाएगा, जिससे समाज में तिथियों को लेकर किसी प्रकार का भ्रम न रहे और सभी श्रद्धालु शास्त्रसम्मत मुहूर्त में अपने पर्व-त्योहार मना सकें।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *