हरिद्वार। जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर सख्ती के संकेत देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशों का असर अब जमीन पर साफ दिखाई देने लगा है। जिले की कमान संभालने के बाद से ही पुलिस लगातार फरार आरोपियों, वारंटियों और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को दबोच लिया। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके क्षेत्र से गिरफ्तार किया, जिससे फरार वारंटियों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त जगपाल, निवासी मोहल्ला कैतवाड़ा ज्वालापुर, आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले में न्यायालय द्वारा वांछित चल रहा था। लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने सटीक सूचना पर कार्रवाई कर उसे हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
ज्वालापुर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चल रहे वारंटी गिरफ्तारी अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले और कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से साफ संकेत है कि हरिद्वार पुलिस अब फरार आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शने के मूड में नहीं है और कानून से बचने वालों की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
