March 14, 2026
f89b0b88-04ea-4556-a1da-e713401c85f8.jpg

प्रशासन की टीम ने किया औचक निरीक्षण

जिला प्रशासन की टीम द्वारा पौड़ी तहसील परिसर में संचालित कैंटीन का औचक निरीक्षण कर दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। टीम द्वारा कैंटीन संचालक के खिलाफ तत्काल चलानी कार्रवाई की गई है।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना के आधार पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग टीम द्वारा तहसील परिसर स्थित कैंटीन का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कैंटीन संचालक को घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग करते पाया गया। जबकि नियमानुसार व्यावसायिक कार्यों हेतु केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग ही मान्य है। उन्होंने बताया कि टीम द्वारा दोनों घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर कैंटीन संचालक के विरुद्ध आवश्यक चालानी कार्रवाई की गई है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समस्त होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील करते हुए कहा कि वह केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।

वहीं, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के साथ मिलकर उक्त कैंटीन संचालक पर कार्रवाई की गयी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर नियमित रूप से निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता प्रभावित न हो।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *