April 12, 2026
635d9f7f-9b4b-4690-a650-deeac674339e.jpg

टनकपुर-चंपावत मेले में उमंग और उल्लास, प्रशासन मुस्तैद तीर्थ यात्रियों को हर सुविधा देने का प्रयास।

मां पूर्णागिरि धाम में चल रहे प्रसिद्ध मेले में इन दिनों आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सुहावने मौसम के चलते श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और आज तीर्थ यात्रियों की भीड़ बीते दिनों की तुलना में अधिक देखने को मिली। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। हाल ही में हुई बारिश के बाद श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मेले के बेस कैंप ठुलीगाड़ में विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालु भंडारे आयोजित कर रहे हैं, जहां तीर्थ यात्रियों को प्रसाद और भोजन कराकर पुण्य लाभ अर्जित किया जा रहा है। यह सेवा भावना मेले की आस्था को और भी मजबूत बना रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है। मेला क्षेत्र में कई सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि वे तीर्थ यात्रियों के साथ मेहमानों जैसा व्यवहार करें, ताकि वे यहां से सकारात्मक अनुभव लेकर जाएं और आने वाले वर्षों में अन्य श्रद्धालुओं को भी यहां आने के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को जिले के अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के दर्शन के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है, जिससे वे मां पूर्णागिरि के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य मंदिरों का भी आशीर्वाद प्राप्त कर सकें।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *