उत्तराखंड सचिवालय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला अनुभाग अधिकारी ने सहकारिता विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पंकज सिंह पर लगातार परेशान करने, बार-बार फोन करने, पीछा करने और कार्यालय पहुंचकर अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला अधिकारी की शिकायत के बाद सचिवालय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी कर्मचारी को उप सचिव के कार्यालय से हटाकर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। वहीं, बुधवार को सचिवालय परिसर के एटीएम चौक पर कर्मचारियों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी, जिसके बाद परिसर में अफरातफरी मच गई। मामले में शहर कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। अब पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
