उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बैजनाथ कोतवाली क्षेत्र के नरग्वाड़ी गांव में एक बुजुर्ग दंपति की हत्या कर दी गई। आरोप है कि दंपति के ही भतीजे ने लोहे की रॉड से हमला कर दोनों को मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग दंपति को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया और आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 2 नवंबर को आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात बताई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी हत्या के प्रयास से संबंधित मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
