March 24, 2026
ac30147d-3552-4b69-96ad-7810122c4e28.jpg

आगामी कुंभ मेला-2027 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मेला प्रशासन ने धरातल पर मोर्चा संभाल लिया है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशों के अनुपालन में उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने मंगलवार को भूपतवाला क्षेत्र का तूफानी दौरा कर जल संस्थान द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पावनधाम के सामने निर्माणाधीन ट्यूबवेल, श्यामीलोक कॉलोनी और प्राथमिक विद्यालय के समीप चल रहे बोरिंग कार्यों की प्रगति जांची और अधिकारियों को दो-टूक कहा कि गुणवत्ता के मानकों से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उप मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए निर्बाध पेयजल आपूर्ति सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं। इस मौके पर तकनीकी शाखा के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल और जल संस्थान के सहायक अभियंता राकेश बमराड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें कार्यदायी संस्थाओं पर पैनी नजर रखने और तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन करने के कड़े निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *