March 31, 2026
WhatsApp-Image-2026-03-31-at-3.22.19-PM.jpeg

37 विभागों के नोडल अधिकारी नामित, जनसहभागिता से बनेगा जनआंदोलन

हाईवे, रेलवे स्टेशन, नगर क्षेत्र, धार्मिक स्थल व निजी विद्यालय भी शामिल

चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों के क्रम में जनपद हरिद्वार में 01 अप्रैल से वृहद स्वच्छता अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। अभियान को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने हेतु जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें 37 विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि  कि 19 अप्रैल से चार धाम यात्रा प्रारंभ हो रही हैतथा जनपद हरिद्वार चार धाम यात्रा का प्रवेश द्वार है, ऐसे में स्वच्छता एवं व्यवस्थाएं सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जानी अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है,तथा यह अभियान केवल औपचारिकता न रहकर जनसहभागिता से जनआंदोलन का रूप ले, जिसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।  उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सहयोग से व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान संचालित करें। अभियान के अंतर्गत नगर निगम, नगर पालिकाएं, रेलवे स्टेशन, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख सड़कें, वन क्षेत्र, पर्यटन स्थल, धार्मिक स्थल, आश्रम, चिकित्सालय, आंगनबाड़ी केंद्र, औद्योगिक क्षेत्र एवं समस्त शैक्षणिक संस्थानों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा से पूर्व सभी प्रमुख हाईवे, मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जनपद के सभी निजी विद्यालयों को अभियान से जोड़ते हुए विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित की जाए, ताकि स्वच्छता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिले।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों, संगठनों एवं आमजन से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श प्रवेश द्वार बनाया जा सकता है, जिससे चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को एक सकारात्मक और यादगार अनुभव प्राप्त हो। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों से अपेक्षा की है कि जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में सभी अधिकारी अपने अपने क्षेत्रों में इस अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आर के सिंह,मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दयानी सहायक परियोजना निर्देशक नलिनीत घिल्डियाल,जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत,जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडे,उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी,जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह,स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी,मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डीके चंद सहित सभी तहसीलों एवं विकास खंडों के नोडल अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *