May 25, 2026
a5e0f22e-8c0a-4c8b-a7a1-272df774a9f0.jpg

क्षेत्र के महमूदपुर गांव में लंबे समय से चली आ रही जलभराव और नदी कटाव की समस्या के समाधान की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। विधायक फुरकान अहमद ने रतमऊ नदी किनारे पिचिंग कार्य एवं नाला निर्माण का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका आभार जताया।

विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि महमूदपुर में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को वर्षों से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में हालात और अधिक गंभीर हो जाते थे, जिससे घरों और रास्तों में जलभराव की समस्या बनी रहती थी। उन्होंने बताया कि नाले के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध न होने के बावजूद स्थानीय लोगों के सहयोग से भूमि की व्यवस्था कर कार्य शुरू कराया गया है।

उन्होंने कहा कि रतमऊ नदी का बहाव लगातार महमूदपुर की ओर होने से भूमि कटाव का खतरा बढ़ता जा रहा था, जिससे ग्रामीणों की जमीन प्रभावित हो रही थी। समस्या की गंभीरता को देखते हुए आपदा मद के तहत सिंचाई विभाग द्वारा नदी किनारे पिचिंग कार्य शुरू कराया गया है, जिससे कटाव रोकने में मदद मिलेगी।

विधायक ने विश्वास जताया कि नाला निर्माण और पिचिंग कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को जलभराव और कटाव जैसी समस्याओं से काफी राहत मिलेगी। कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने भी खुशी जताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. शहजाद अली, मोहसिन सिद्दीकी, कल्लू त्यागी, अहसान ठेकेदार, इमरान उर्फ मन्ना, नवीस अहमद, डॉ. पप्पू, महबूब, जरीफ और सुहैल सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *