दलित युवक केतन लाल की हत्या के मामले में न्याय की मांग के बीच सांसद के प्रस्तावित दौरे पर उठे सवाल, स्थानीय स्तर पर विरोध दर्ज
हरिद्वार। टिहरी जिले के देवल गांव निवासी 18 वर्षीय दलित छात्र केतन लाल की हत्या के मामले को लेकर पूरे उत्तराखंड में लगातार प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इस बीच हरिद्वार में कुछ सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने सांसद चंद्रशेखर आजाद के प्रस्तावित दौरे का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राज्य सरकार और पुलिस पहले ही मामले में कार्रवाई कर चुकी है तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्थानीय लोगों और प्रशासन ने लगातार प्रयास किए हैं। उनका दावा था कि अब इस मामले में राजनीतिक दौरे से क्षेत्र का माहौल प्रभावित होने की आशंका है। प्रदर्शनकारियों ने सांसद चंद्रशेखर आजाद के प्रस्तावित पीड़ित परिवार से मुलाकात कार्यक्रम पर भी सवाल उठाए।
विरोध करने वालों ने आरोप लगाया कि ऐसे दौरों से सामाजिक तनाव बढ़ सकता है और युवाओं को भड़काने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि मामले में कानून अपना काम कर रहा है और न्यायिक प्रक्रिया जारी है, इसलिए सभी पक्षों को संयम बनाए रखना चाहिए।
गौरतलब है कि सांसद चंद्रशेखर आजाद के 30 जून को पीड़ित परिवार से मिलने टिहरी जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। वहीं, केतन हत्याकांड को लेकर विभिन्न संगठनों की ओर से लगातार न्याय की मांग भी उठाई जा रही है। ऐसे में मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
