April 21, 2026
WhatsApp-Image-2026-04-21-at-6.26.47-PM.jpeg

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने किया नई पेयजल लाइनों का भूमि पूजन

राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान हेतु कैबिनेट मंत्री खजान दास ने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी है। मंगलवार को उन्होंने कांवली रोड स्थित कोमेट कॉलोनी, कबीर डेरी वाली गली, गोपीनाथ मंदिर मार्ग, अंसारी मार्ग, डाडीपुर मोहल्ला और कालिका मंदिर क्षेत्र सहित विभिन्न वार्डों में नई पेयजल लाइनें बिछाने के कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया। लगभग ₹5.80 करोड़ की लागत से होने वाले इन कार्यों से क्षेत्र की क्षतिग्रस्त पेयजल व्यवस्था में आमूलचूल सुधार होगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनसमस्याओं के निस्तारण के प्रति संकल्पबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे होने चाहिए और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता आशीष भट्ट के अनुपस्थित रहने पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में विकास कार्यों के प्रति इस प्रकार की लापरवाही और हीलाहवाली कतई स्वीकार्य नहीं होगी।

खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के विकास को एक नया विजन मिला है और उनकी पारदर्शी नीतियों के कारण ही आज विकास योजनाओं को त्वरित स्वीकृतियां मिल रही हैं, जिससे लागत में होने वाली वृद्धि पर भी अंकुश लगा है। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद संतोष नागपाल, अनिता गर्ग, विमला गौड़, मनोज जाटव, वैभव अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, महामंत्री अंकुर जैन, पूर्व पार्षद मुरलीधर शर्मा, वरिष्ठ नेता गोपाल पुरी सहित जल संस्थान के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रही। पेयजल योजनाओं के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में हर्ष की लहर है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *