हरिद्वार – हरिद्वार की उपनगरी ज्वालापुर क्षेत्र में वाहन चोरों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है, जहां आधी रात होटल के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को चोर ने चंद मिनटों में मास्टर चाबी की मदद से उड़ा लिया। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहादराबाद क्षेत्र के ब्रह्मपुरी निवासी अजय कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि 17 अप्रैल 2026 की रात करीब 12 बजे वह रानीपुर मोड़ स्थित एक होटल के बाहर अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक खड़ी कर गए थे। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। आसपास तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं लग सका।मामले में जब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो पूरी घटना सामने आ गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक युवक मौके पर पहुंचता है, मास्टर चाबी से बाइक का लॉक खोलता है और कुछ ही सेकंड में वाहन स्टार्ट कर मौके से फरार हो जाता है।
चोरी हुई बाइक काले रंग की बताई जा रही है, जिस पर ग्रे स्ट्राइप बनी है और उसका रजिस्ट्रेशन नंबर UK08 BD 1272 है। पीड़ित ने तुरंत ऑनलाइन माध्यम से ई-FIR दर्ज कराते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।घटना की सूचना मिलते ही मामला रेलवे चौकी, कोतवाली ज्वालापुर के संज्ञान में पहुंच गया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में भी जांच तेज कर दी गई है।
लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात सार्वजनिक स्थानों पर खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता साफ देखी जा रही है। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि पुलिस कितनी जल्द इस शातिर चोर तक पहुंच पाती है।
