April 16, 2026
6cbc2f32-6a9c-4b63-8817-2298995d8555.jpg

आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत तीर्थयात्रियों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ सुनिश्चित कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे जनपद में सघन छापेमारी अभियान छेड़ दिया है। सहायक आयुक्त खाद्य महिमानंद जोशी के कुशल पर्यवेक्षण में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और उनकी टीम ने चिड़ियापुर बॉर्डर से लेकर नारसन बॉर्डर तक संचालित हो रहे होटलों, ढाबों और थोक विक्रेताओं का औचक निरीक्षण किया। इस कार्यवाही के दौरान ‘असवाल ग्रीन वैली ढाबा’ में फूड लाइसेंस प्रदर्शित न पाए जाने पर तत्काल नोटिस जारी किया गया।

साथ ही, पेय पदार्थों में मिलावट और एक्सपायरी डेट न होने की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए ‘शाही जीरा’ व अन्य कोल्ड ड्रिंक्स के नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए हैं। विभागीय टीम ने शाही जीरा निर्माता कंपनी को बोतलों पर एक्सपायरी डेट अंकित न करने और डायट कोक निर्माता को उनके ‘नो शुगर’ दावों की सत्यता प्रमाणित करने हेतु कड़े नोटिस जारी किए हैं। इसी क्रम में रुड़की और हरिद्वार नगर निगम क्षेत्रों में भी दूध, मावा, अरहर दाल और मियोनीज के सैंपल लिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यात्रा मार्ग पर खाद्य पदार्थों में मिलावट या ओवररेटिंग की किसी भी शिकायत पर विधि-सम्मत कठोर कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल, विभाग की इस सक्रियता से मिलावटखोरों और अनियमितता बरतने वाले व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *