तेज धारा में बह रहे दर्जनों बच्चों को अब तक सुरक्षित निकाला, गोताखोरों की बहादुरी को परिजनों ने किया नमन
मां पूर्णागिरि मेले में जहां लाखों श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ रही है, वहीं शारदा नदी की तेज धारा के बीच जल पुलिस की सतर्कता और बहादुरी कई जिंदगियां बचा रही है। 27 फरवरी से शुरू हुए मेले के दौरान अब तक दर्जनों बच्चों को डूबने से सुरक्षित बचाया जा चुका है, जो जल पुलिस की मुस्तैदी का बड़ा उदाहरण है।
आज मंगलवार को अपने परिवार के साथ आए 23 वर्षीय अभिषेक यादव और 18 वर्षीय हर्ष यादव शारदा नदी की तेज धारा में बहने लगे थे। मौके पर तैनात जल पुलिस और गोताखोरों ने बिना समय गंवाए साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस रेस्क्यू अभियान में गोताखोर रविंद्र कुमार पहलवान राकेश गिरी, अनिल कुमार, सतीश सिंह, दीप चंद्र और मुकेश राणा की भूमिका बेहद सराहनीय रही। अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने तेज बहाव में कूदकर बच्चों की जान बचाई।
घटना के दौरान बच्चों के परिजनों के होश उड़े रहे, लेकिन जैसे ही बच्चे सुरक्षित बाहर निकाले गए, परिजनों ने राहत की सांस ली और जल पुलिस टीम व मां पूर्णागिरि के प्रति आभार व्यक्त किया।
पूर्णागिरि मेले में जल पुलिस की यह सक्रियता न केवल सुरक्षा का भरोसा दे रही है, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच भी बनकर सामने आई है।
