May 12, 2026
986f0cb1-1946-4383-8944-710e9010569e.jpg

मुख्यमंत्री की “आदर्श चंपावत” परिकल्पना को मिल रही मजबूती, विद्यालय में नए कक्षों व आधुनिक सुविधाओं की तैयारी तेज।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार कैंप कार्यालय चंपावत के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने अटल उत्कृष्ट शहीद राहुल रैंसवाल जीआईसी चंपावत में आयोजित प्रतिभावान छात्र सम्मान समारोह में प्रतिभाग कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में शिक्षा, प्रतिभा और विकास का प्रेरणादायी संगम देखने को मिला। इस अवसर पर जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं सृष्टि महर, राहुल बोरा, सौरभ उपाध्याय, निर्मल भट्ट, ममता जोशी, वंदित पांडे, अंकित जोशी एवं आयुष्मान उप्रेती को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य श्री उमेश सिंह बिष्ट, शिक्षकगण, अभिभावक एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय में वर्तमान में 775 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिनके बेहतर भविष्य निर्माण में शिक्षक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। नोडल अधिकारी श्री बृजवाल ने कहा कि चंपावत के विद्यार्थी शिक्षा, खेल एवं तकनीकी क्षेत्रों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि विद्यालय में चार नए कक्षों के निर्माण हेतु ₹1 करोड़ 28 लाख का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिस पर आगामी 29 मई को स्वीकृति के लिए महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है।

इसके साथ ही अभिभावकों के लिए विद्यालय परिसर में प्रतीक्षालय निर्माण हेतु ग्रामीण निर्माण विभाग को तत्काल एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं की एनसीईआरटी पुस्तकों की उपलब्धता न होने की समस्या उठाए जाने पर मुख्य शिक्षा अधिकारी को तत्काल पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान “आदर्श चंपावत” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में शिक्षा, खेल और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता भी स्पष्ट दिखाई दी। उद्देश्य यही है कि जिले के विद्यार्थियों को बेहतर, आधुनिक और हाईटेक शिक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *