June 11, 2026
1aa604b8-c625-45a3-ab5f-04c640e00a3c.jpg

उत्तराखंड राजकीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के प्रदेशव्यापी आंदोलन के चौथे चरण में आज प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों से पहुंचे सैकड़ों शिक्षकों ने शिक्षा निदेशालय देहरादून में विशाल धरना-प्रदर्शन कर सरकार एवं शिक्षा विभाग के खिलाफ जोरदार हुंकार भरी। शिक्षकों ने अपनी लंबित 13 सूत्रीय मांगों को लेकर निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

धरना-प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने TET की बाध्यता, 17140 वेतनमान रिकवरी, पुरानी पेंशन बहाली, पदोन्नति, तबादला नीति तथा जूनियर हाईस्कूलों की पृथक कैडर व्यवस्था, अंतर्जनपदीय स्थानान्तरण जैसे मुद्दों पर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 8 जून को देहरादून में विशाल महारैली आयोजित कर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

प्रदेशीय अध्यक्ष विनोद थापा ने कहा कि वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर TET की अनिवार्यता थोपना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को TET से पूर्णतः मुक्त किया जाना चाहिए। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश त्यागी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उत्तराखंड सरकार ने शिक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा।

राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष रामसिंह चौहान ने शिक्षा विभाग पर शिक्षकों की लगातार उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं को भी शासन स्तर पर भेजकर निदेशालय अपनी जिम्मेदारी से बच रहा है। बागेश्वर के अध्यक्ष रमेश रावत ने 17140 वेतनमान की रिकवरी पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई, जबकि प्रदेश संरक्षक सतीश घिल्डियाल ने विभाग में त्रिस्तरीय व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया।

धरना कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय महामंत्री जगवीर खरोला ने किया। आंदोलन को अखिल भारतीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों का भी खुला समर्थन मिला। कार्यक्रम में योगेश त्यागी, सुभाष चौहान, शिखा राणा, संजय बलियान, पंचम सिंह बिष्ट , पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दयानंद तिवारी, राजेंद्र प्रसाद बहुगुणा, रघुवीर सिंह पुंडीर, मनोज शाह, उमेश चौहान, सुरेश भट्ट, विपिन मेहता, पुष्कर कुंवर, भगत भंडारी, दीपक पांडेय, नरेंद्र बोरा, पंकज पंत, सूरज मन्द्रवाल, अश्विनी भट्ट, पवन सैनी, देवकीनंदन भट्ट, मनोहर चमोली, बलबीर लाल, रघुवीर बिष्ट सहित प्रदेशभर से पहुंचे बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *