बिजनौर-गढ़वाल धर्मप्रांत अपना स्वर्ण जयंती वर्ष मना रहा है। स्वर्ण जयंती वर्ष की उपलक्ष में धर्मप्रांत के युवा विभाग द्वारा उजाला पादरीय केंद्र, निंबूचौड़ में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। धर्मप्रांत के युवा विभाग, सेंट मेरीज़ हॉस्पिटल नजीबाबाद तथा गुरु नानक चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 28 युवाओं ने रक्तदान किया।
बिजनौर-गढ़वाल धर्मप्रांत के युवा विभाग के निदेशक फादर जोसफ चाक्को ने स्वैच्छिक रक्तदान से शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि रक्तदान जीवनदान के समान है तथा युवाओं द्वारा किया गया यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। कहा कि युवा वर्ग समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए सेवा और परोपकार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।
वहीं सेंट मेरीज़ हॉस्पिटल, नजीबाबाद के निदेशक तथा स्वर्ण जयंती समारोह के जनरल कन्वीनर फादर पायस फिलिप ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवाओं में से एक बताते हुए कहा की यह न केवल जरूरतमंद के लिए जीवनरक्षक साबित होता है, बल्कि युवाओं में करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ करता है। कहा कि रक्त की प्रत्येक इकाई किसी व्यक्ति के लिए जीवन की नई आशा और नया जीवन बन सकती है। इस अवसर पर सभी 28 रक्तदाताओं को गुरु नानक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
