June 10, 2026
d0a3b845-eea6-4e3f-869b-6f2069751a89.jpeg

जी.आर. चैरिटेबल हेल्थ ट्रस्ट, स्याल्दे द्वारा विकासखंड स्याल्दे के दुर्गम क्षेत्र शेरू भनेरिया में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 80 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर के दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, रक्तचाप (बीपी) एवं शुगर जांच, दवाइयों और हेल्थ सप्लीमेंट का वितरण किया गया। इसके साथ ही थायराइड, गठिया, लीवर, किडनी सहित विभिन्न आवश्यक रक्त जांचों की सुविधा भी प्रदान की गई।

नेत्र परीक्षण के लिए आधुनिक मशीनों का उपयोग किया गया तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क निकट दृष्टि (रीडिंग) के चश्मे वितरित किए गए। शिविर में आई ऑप्टोमेट्रिस्ट खलील अहमद एवं डॉ. रवि शंकर बलोदी ने स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कर ग्रामीणों को आवश्यक परामर्श दिया।

ग्रामीणों ने ट्रस्ट की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया।जी.आर. चैरिटेबल हेल्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सनवाल ने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों तक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए ट्रस्ट भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविरों का आयोजन करता रहेगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *