August 30, 2026
में-बच्ची-की-साइकिल-चोरी-की-वारदात-CCTV-में.jpeg

ज्वालापुर में बच्ची की साइकिल चोरी की वारदात CCTV में कैद, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

हरिद्वार। ज्वालापुर रेलवे चौकी क्षेत्र के अंतर्गत जोगी विहार, मोहन जी पुरी वाले के निकट, चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ताजा मामला 25 अगस्त 2026 का है, जब क्षेत्र से एक बच्ची की साइकिल चोरी हो गई। चोरी की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति साइकिल लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में रोष के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।

मामले को लेकर क्षेत्र निवासी चंद्रशेखर अरोड़ा ने ज्वालापुर रेलवे चौकी प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर घटना से अवगत कराया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर चोरी में शामिल व्यक्ति की पहचान करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ सकते हैं और भविष्य में बड़ी आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रह सकती है।

कॉलोनीवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर साइकिल चोरी के आरोपी की जल्द पहचान कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए तथा जोगी विहार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि पुलिस मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगी, जिससे क्षेत्रवासियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *