September 24, 2026
सपनों-का-भारत-के-तहत-26-सितम्बर-से-विद्यालयों.jpg

*‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत 26 सितम्बर से विद्यालयों में शुरू होंगी प्रतियोगिताएं*

*शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने तैयारियों की समीक्षा की; जनपद स्तरीय कार्यक्रम में विजेता होंगे सम्मानित और चयनित चित्रों की लगेगी प्रदर्शनी*

*देहरादून।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शिक्षण संस्थानों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह भी उपस्थित रहे।

शिक्षा मंत्री ने शिक्षा विभाग द्वारा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली और कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

विद्यालयों में ‘*मेरे सपनों का भारत’ शीर्षक* से 26 सितम्बर से प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। छात्र-छात्राएं ‘*विकसित भारत के संकल्प’ और ‘25 वर्षों के कार्यों एवं उपलब्धियों*’ विषयों पर निबंध लेखन, भाषण तथा चित्रकला प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। प्रतियोगिताएं पहले विद्यालय स्तर पर आयोजित होंगी। इसके बाद जनपद स्तरीय कार्यक्रम में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा और चयनित चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।सपनों का भारत के तहत 26 सितम्बर से विद्यालयों

शिक्षा मंत्री ने कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इन कार्यक्रमों में भाग लेने और अपने नए एवं रचनात्मक विचार प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य यह जानना भी है कि देश के भविष्य के रूप में युवा विकसित भारत की कल्पना कैसे करते हैं और उसके निर्माण में अपनी भूमिका को किस तरह देखते हैं।

उच्च शिक्षण संस्थानों में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए संवाद, कला और कहानी लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से युवाओं को विकसित भारत के संबंध में अपने विचार और सुझाव व्यक्त करने का अवसर मिलेगा।

शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को प्रतियोगिताओं की प्रक्रिया सुव्यवस्थित रखने और सभी शिक्षण संस्थानों तक कार्यक्रमों की जानकारी समय से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

शिक्षा विभाग ने प्रतियोगिताओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह संबंधित विभागों से लगातार समन्वय कर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय बनाए रखने, विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं की स्पष्ट जानकारी देने तथा जनपद स्तरीय कार्यक्रम के लिए चयनित प्रविष्टियों का विवरण समय से तैयार करने के निर्देश दिए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *