उत्तराखंड SDRF ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। SDRF को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन का प्रमाणपत्र मिला है। इसके साथ ही उत्तराखंड SDRF यह प्रमाणपत्र पाने वाला देश का पहला आपदा प्रतिवादन बल बन गया है। यह प्रमाणपत्र बल की बेहतर कार्यप्रणाली, अनुशासन, प्रशिक्षण और काम में पारदर्शिता को दर्शाता है।
प्रदेश में भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, बादल फटने और सड़क हादसों जैसी आपात स्थितियों में SDRF की टीमें दिन-रात राहत और बचाव कार्यों में जुटी रहती हैं। चारधाम यात्रा से लेकर दुर्गम पहाड़ी इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने तक, SDRF अहम भूमिका निभाती है। ISO प्रमाणपत्र मिलने से काम करने के तरीकों को और बेहतर बनाने, संसाधनों का सही इस्तेमाल करने और बचाव अभियानों की तैयारी मजबूत करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर SDRF के अधिकारियों और जवानों को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए गर्व की बात बताया है।

