IMG-20261028-WA0062

उत्तराखंड के चम्पावत जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चल्थी पुलिस चौकी के गेट पर चेकिंग के दौरान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक आर्टिगा कार से 992 ग्राम चरस बरामद कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में दो मौजूदा ग्राम प्रधान और एक पूर्व ग्राम प्रधान भी शामिल हैं। यह कार्रवाई 28 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध आर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें कार की डिग्गी से चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस के अलावा एक कार, पांच मोबाइल फोन और करीब 34 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पाटी क्षेत्र से 60 हजार रुपये में चरस खरीदकर लाने की बात कही है। हालांकि, चरस कहां से लाई गई थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, चम्पावत पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी नशे की तस्करी या अवैध कारोबार की जानकारी मिलती है, तो वे पुलिस को सूचित करें। इसके लिए MANAS हेल्पलाइन नंबर 1930 और आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *