IMG-20261030-WA0073

हरिद्वार में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर परिवहन विभाग की टीम लगातार सड़कों पर उतरकर वाहनों की सघन चेकिंग कर रही है। इस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 120 वाहनों के चालान किए गए हैं, जबकि 35 वाहनों को सीज कर दिया गया है। खास बात यह है कि इस बार विभाग ने लग्जरी बसों की तकनीकी स्थिति पर विशेष फोकस किया है। बसों की फिटनेस, परमिट और जरूरी दस्तावेजों की जांच के साथ उनकी वास्तविक तकनीकी स्थिति भी परखी जा रही है। अभियान के दौरान 12 लग्जरी बसों के चालान किए गए, जबकि दो बसों को सीज किया गया। वहीं, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बसों की भी जांच की गई और यात्री वाहनों के साथ मालवाहक वाहनों को भी चेकिंग के दायरे में रखा गया। एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा और एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई में परिवहन विभाग ने साफ संदेश दिया है कि सड़क पर बिना जरूरी मानकों और दस्तावेजों के वाहन दौड़ाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *