हरिद्वार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जिले के कई इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 69 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 9 वाहनों को सीज किया गया।

अभियान में ओवरलोडिंग, बिना परमिट वाहन चलाने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाने जैसे मामले सामने आए। इसके अलावा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और जरूरी दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। श्यामपुर, ऋषिकुल, जगजीतपुर, मिस्सरपुर, देवपुरा और सिडकुल समेत कई क्षेत्रों में चेकिंग की गई। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने, सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने और त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

