हरिद्वार में सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कुल 137 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 22 बसों के चालान भी शामिल हैं। वहीं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 72 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा और नेहा झा के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में लग्जरी और स्लीपर बसों की विशेष रूप से जांच की गई। अधिकारियों ने बसों की फिटनेस, परमिट, बीमा, पंजीकरण और अन्य जरूरी दस्तावेजों को चेक किया। इसके साथ ही बसों में आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन उपकरण और यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों का भी निरीक्षण किया गया।
परिवहन विभाग ने बस संचालकों को नियमों के अनुसार वाहन चलाने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। वहीं दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और हेलमेट की पट्टी सही तरीके से बांधने की अपील की गई है। विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
