जिले में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद तेज
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा, कूड़ा उठान और कॉम्पैक्टर शेड की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विकासखंडों में कूड़ा उठान, पृथक्करण और निस्तारण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने प्रतिदिन कूड़ा उठान में लगी गाड़ियों तथा कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि कूड़े का पृथक्करण (सेग्रीगेशन) व्यवस्थित ढंग से किया जाए। उन्होंने जिला पंचायत के अंतर्गत विभिन्न विकासखंडों में संचालित कॉम्पैक्टर शेड की स्थिति, उनकी कार्यक्षमता और कूड़ा निस्तारण की मौजूदा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार करने को कहा।
बैठक में विभिन्न विकासखंडों में स्थित कूड़ा पृथक्करण एवं निस्तारण संयंत्रों के विस्तारीकरण और उन्नयन से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई। चंबा के भाटूसैंण, भिलंगना के मयकोट, जाखणीधार के जलवागांव मल्ला, प्रतापनगर के रमोल गांव, नरेंद्रनगर के शिवपुरी तथा जौनपुर के रौंतू की बेली सहित अन्य स्थानों पर संचालित संयंत्रों की क्षमता बढ़ाने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कूड़े का नियमित उठान, उचित पृथक्करण और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, एएमए जिला पंचायत गणेश भट्ट सहित अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
