भेल वर्कर्स यूनियन (HMS) का 35वाँ स्थापना दिवस धूमधाम से संपन्न; कामरेड हरभजन सिंह सिद्धू की हुंकार से गूँजा श्रमिक एकता का संदेश
हरिद्वार। भेल वर्कर्स यूनियन (HMS), भेल हरिद्वार का 35वाँ स्थापना दिवस उत्साह, जोश और श्रमिक एकता के संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में हिंद मजदूर सभा (HMS) के राष्ट्रीय महासचिव एवं केंद्रीय श्रमिक नेता कामरेड हरभजन सिंह सिद्धू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर रेलवे स्टेशन पर यूनियन पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा मुरादाबाद मंडल के रीजनल अधिकारियों एवं एनआरएमयू रेलवे-HMS के पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।
भेल कारखाना परिसर में कामरेड सिद्धू ने कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार एवं महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती सुमति शर्मा से वार्ता की। इसके पश्चात यूनियन कार्यालय में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कचनार एवं नीम के औषधीय पौधों का वृक्षारोपण किया गया।सामुदायिक केंद्र, सेक्टर-1 में आयोजित मुख्य समारोह में सैकड़ों श्रमिकों एवं यूनियन सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन यूनियन महामंत्री श्री हंसराज कटारिया एवं मंत्री श्री नफीस अहमद ने किया। इस अवसर पर कामरेड सिद्धू जी को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए कामरेड हरभजन सिंह सिद्धू ने भेल कर्मचारियों एवं श्रमिकों से जुड़े स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर प्रभावशाली विचार रखे। उन्होंने दीपावली से पूर्व बेहतर बोनस भुगतान, बेहतर वेज रिवीजन, मेडिकल डिपेंडेंसी, ओवरटाइम, मृतक आश्रितों की भर्ती में आरक्षण, मेडिकल पॉलिसी, संविदा श्रमिकों के ड्यूटी डेज, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लाभ तथा अनुकंपा से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष, एकजुटता और मजबूत ट्रेड यूनियन आंदोलन की आवश्यकता पर जोर दिया। बोनस एवं कर्मचारियों के आर्थिक हितों से जुड़े उनके वक्तव्य ने उपस्थित श्रमिकों में विशेष उत्साह पैदा किया।
भेल वर्कर्स यूनियन (HMS) वर्ष 1992 से भेल हरिद्वार में श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान एवं हितों के लिए निरंतर सक्रिय रही है। स्थापना दिवस ने संगठन की संघर्षशील परंपरा और मजदूर एकता के संकल्प को फिर से मजबूत किया। यूनियन की कार्यशैली एवं श्रमिक हितों के प्रति प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर श्री अमरजीत जी सहित कई श्रमिकों ने संगठन की सदस्यता भी ग्रहण की।
कामरेड सिद्धू का स्वागत करने वालों में यूनियन अध्यक्ष श्री यशोदानंदन ओझा, उपाध्यक्ष श्री राधेश्याम सिंह, मीडिया सचिव,मंत्री श्री आशुतोष शर्मा एवं श्री हर प्रताप सिंह, संगठन मंत्री श्री संदीप रोहिल्ला, श्री जगदीश शर्मा, श्री राजीव अनुराग, श्री परितोष कुमार, श्री पीयूष मित्तल, श्री श्रीपाल सिंह, श्री अशोक कुमार शर्मा, श्री राकेश शुक्ला, श्री अर्जुन कुमार एवं श्री सुनील कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम में फाउंडर मेंबर श्री एम.पी. सिंह, श्री प्रेमचंद सिमरा तथा वरिष्ठ साथी श्री के.पी. सिंह, श्री मुकेश, श्री सुबोध, श्री वीरेंद्र, राष्ट्रीय HMS से श्री मनीष सिंह साथ ही कार्यकारिणी सदस्यश्री अशोक कुमार शर्मा सहित सैकड़ों श्रमिकों की उपस्थिति रही।
समारोह ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि श्रमिकों की सबसे बड़ी ताकत उनकी एकता है और संगठित प्रयासों से ही अधिकारों, सम्मान एवं सुरक्षित भविष्य की लड़ाई को मजबूती मिलती है।
