मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026 की तैयारियों को लेकर कोऑपरेटिव बैंक सभागार, हल्द्वानी में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में श्री पाण्डे ने बताया कि जनपद नैनीताल में 24 नवम्बर से 03 दिसम्बर 2026 तक एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों से मेले में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इच्छुक स्वयं सहायता समूह एवं व्यापारी अपने स्टॉल का पंजीकरण शीघ्र कराएं, ताकि उन्हें मेले में अपनी कला, संस्कृति एवं उत्पादों के प्रदर्शन का अवसर मिल सके।
उन्होने ने बताया कि मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। स्टॉल का पंजीकरण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। मेले में उत्तराखण्ड के साथ ही देश के अन्य राज्यों के स्वयं सहायता समूहों एवं व्यापारियों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। कमर्शियल स्टॉल की दर 30 हजार रुपये प्रति स्टॉल निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि यह मेला स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, लोक कला एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन का बेहतर मंच प्रदान करेगा। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री जी से मेले का शुभारम्भ करने का अनुरोध भी किया।
बैठक में मेले के सफल संचालन के लिए गठित विभिन्न समितियों को उनके दायित्व सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मेला संचालन एवं नियंत्रण समिति को मेले के प्रत्येक स्तर पर निगरानी रखने तथा मेला स्थल पर संचालित गतिविधियों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। कार्यकारी एवं अनुरक्षण समिति को मेला स्थल की सुरक्षा, चिकित्सा, स्टॉल, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
आवास एवं परिवहन समिति को स्वयं सहायता समूहों के आवागमन एवं आवास की कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रतिभाग करने वाले कलाकारों के लिए आवश्यकतानुसार ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खान-पान समिति को स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के भोजन की व्यवस्था एवं टोकन प्रक्रिया निर्धारित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मेला पंजीकरण एवं आवंटन समिति द्वारा स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय एवं बाहरी व्यापारियों को स्टॉल आवंटित किए जाएंगे। वहीं, स्वागत समिति को मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों के स्वागत, पुष्पगुच्छ एवं उपहार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
लेखा समिति मेले के आय-व्यय का संपूर्ण विवरण रखेगी। मीडिया प्रबंधन एवं प्रचार-प्रसार नियंत्रण समिति को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित करने, डिजिटल एवं अन्य प्रचार सामग्री तैयार करने तथा मेले के आयोजन से पूर्व व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मेले के प्रचार-प्रसार के लिए उच्च गुणवत्ता वाली मीडिया टीजर सामग्री तैयार कर प्रसारित करने पर भी जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त निरीक्षण एवं अनुसंधानात्मक समिति को पूरे मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने तथा सामने आने वाली कमियों एवं समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं समितियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए मेले की तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में प्रतिभाग करने वाले स्वयं सहायता समूहों, व्यापारियों, कलाकारों एवं आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना निदेशक चन्दा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मन, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
