महिलाओं के प्रति होने वाली हिंसा को रोकने, उन्हें सुरक्षित माहौल देने और उनके अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हरिद्वार में साइलेंट वॉकथॉन का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार और जागृति वूमेन कॉन्फ्रेंस हरिद्वार सोसाइटी की ओर से संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शंकर आश्रम स्थित भगवान दास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय से शुरू हुई इस वॉकथॉन में 500 से अधिक लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों ने महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने और समाज में महिलाओं को बराबरी, सुरक्षा और सम्मान देने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, मुफ्त कानूनी सहायता और हिंसा के मामलों में मिलने वाले कानूनी संरक्षण की जानकारी भी दी गई। आयोजकों ने कहा कि महिलाओं के प्रति हिंसा रोकने के लिए केवल कानून ही नहीं, बल्कि समाज की सोच में बदलाव लाना भी जरूरी है।
