*
संविधान दिवस पर परमार्थ निकेतन से संदेश – संविधान ही है समाधान*
*26/11 मुंबई आतंकी हमलों के 18वीं बरसी – परमार्थ निकेतन से शहीद पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि*
*
संविधान के आदर्शों को अत्मसात कर राष्ट्र की सुरक्षा, एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पित रहना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि*
*
26 नवम्बर का मुम्बई आतंकी हमला भारत के इतिहास की अत्यंत पीड़ादायक घटनाओं में से एक*
*स्वामी चिदानन्द सरस्वती*
ऋषिकेश, 26 नवम्बर। संविधान दिवस के पावन अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने देशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुये कहा कि भारत का संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रनिर्माण का पवित्र संकल्प है।
आज ही के दिन 26 नवम्बर 2008 को मुम्बई में हुये भीषण आतंकी हमलों की 18वीं बरसी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों और निर्दाेष नागरिकों को परमार्थ निकेतन से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये पूज्य स्वामी जी ने कहा कि संविधान के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना और राष्ट्र की सुरक्षा, एकता एवं अखंडता के लिये समर्पित रहना ही हमारे वीर बलिदानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
पूज्य स्वामी जी ने कहा कि 26 नवम्बर का दिन हमें दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्वों का स्मरण कराता है। एक ओर हम संविधान निर्माताओं के दूरदर्शी चिंतन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, वहीं दूसरी ओर उन वीर पुलिस अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बलिदान को स्मरण करते हैं, जिन्होंने देश की सुरक्षा और नागरिकों के जीवन की रक्षा के लिये अपने प्राण न्योछावर कर दिये। संविधान हमें अधिकार देता है और हमारे वीर प्रहरी उन अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिये अपना जीवन समर्पित करते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल संसद और विधानसभाओं से नहीं, बल्कि नागरिकों के दैनिक व्यवहार से भी निर्धारित होती है। हमें अपने परिवार, विद्यालय, कार्यस्थल और समाज में न्याय, समानता तथा सम्मान की भावना को स्थापित करना होगा। किसी व्यक्ति के साथ उसकी जाति, भाषा, क्षेत्र, धर्म अथवा आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न करना संविधान के प्रति हमारी वास्तविक निष्ठा है।
पूज्य स्वामी जी ने कहा कि 26 नवम्बर 2008 का मुम्बई आतंकी हमला भारत के इतिहास की अत्यंत पीड़ादायक घटनाओं में से एक है। इस हमले में मुम्बई पुलिस के अधिकारियों, जवानों, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के कमांडो तथा अनेक निर्दाेष नागरिकों ने अपने प्राण गंवाये। आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष करते हुये वीरगति को प्राप्त हुये।
मुम्बई के विभिन्न स्थानों पर आतंकियों ने मानवता और शांति को चुनौती दी थी। उस कठिन समय में सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा का परिचय दिया। आज समाज में अनेक प्रकार की चुनौतियाँ हैं। सामाजिक भेदभाव, भ्रष्टाचार, हिंसा, पर्यावरणीय संकट और आपसी वैमनस्य जैसी समस्याओं का समाधान संवैधानिक मूल्यों के आधार पर ही संभव है।
पूज्य स्वामी जी ने देशवासियों से आह्वान किया कि संविधान दिवस पर हम संकल्प लें कि अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान बनें रहे। शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखें और राष्ट्र की सुरक्षा, शांति एवं समरसता के लिये समर्पित रहें। यही संविधान का सम्मान, वीर बलिदानियों के प्रति श्रद्धांजलि और समर्थ भारत के निर्माण की वास्तविक साधना है।
