उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम ने देहरादून में चरस तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास चेकिंग के दौरान आरोपी के बैग से 1 किलो 108 ग्राम चरस बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय युसुफ निवासी मालसी, देहरादून के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने हिमाचल प्रदेश के कसोल से चरस लाकर देहरादून में बेचने की बात बताई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एसटीएफ ने युवाओं और अभिभावकों से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
