उत्तराखंड एसटीएफ ने काशीपुर में चल रहे एक संदिग्ध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। NS Enterprise के नाम से चल रहे इस सेटअप में इंटरनेट के जरिए विदेशों में होने वाली कॉल को नियमों के खिलाफ दूसरे रास्ते से भेजने और बड़ी संख्या में ऑटोमेटिक कॉल करने के सबूत मिले हैं। जांच में सामने आया कि महज 21 दिनों में यहां से 45 हजार 453 आउटगोइंग कॉल की गईं। एसटीएफ और दूरसंचार विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से कंप्यूटर, जियो और एयरटेल राउटर, मोबाइल फोन और कॉलिंग से जुड़े कई उपकरण बरामद किए हैं। मामले में मुरादाबाद निवासी नईमुद्दीन को गिरफ्तार किया गया है। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। एसटीएफ के मुताबिक, पिछले एक महीने में अवैध टेलीकॉम सेटअप से जुड़े तीन मुकदमे दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
