May 15, 2026
IMG-20260514-WA0119

अल्मोड़ा – जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने सख्त रुख अपनाते हुए अल्मोड़ा जनपद में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। बसोली, ताकुला समेत विभिन्न क्षेत्रों में संचालित मेडिकल स्टोरों और औषधि प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आने के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिकॉर्ड से लेकर दवाओं की गुणवत्ता तक खंगाली गई पूरी व्यवस्था।

निरीक्षण के दौरान दवाओं के भंडारण, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों और गुणवत्ता मानकों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों का पालन नहीं पाया गया।

एक लाइसेंस निलंबन की संस्तुति, दो फर्मों की बिक्री पर तत्काल रोक।

पूजा जोशी ने बताया कि जनहित को देखते हुए एक मेडिकल स्टोर के लाइसेंस को निलंबित किए जाने की संस्तुति की गई है। इसके अलावा दो प्रतिष्ठानों की खरीद-बिक्री गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है, ताकि संदिग्ध दवाएं बाजार में न पहुंच सकें।

संदेहास्पद दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

अभियान के दौरान गुणवत्ता को लेकर संदेह के आधार पर दो दवाओं के नमूने एकत्र किए गए हैं। इन्हें परीक्षण और विश्लेषण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नियमों से समझौता नहीं, कार्रवाई जारी रहेगी

औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने सभी दवा विक्रेताओं को स्पष्ट संदेश दिया है कि औषधियों के भंडारण, बिक्री और अभिलेखों के रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में विभाग पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा और ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *