June 27, 2026
IMG-20260627-WA0085

अल्मोड़ा– जनस्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता न करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) लगातार प्रवर्तन अभियान चला रहा है। इसी क्रम में औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने शनिवार को रानीखेत क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर कई मेडिकल स्टोरों की कार्यप्रणाली की जांच की। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी मिलने पर तीन औषधि प्रतिष्ठानों की दवाओं के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई, जबकि एक औषधि लाइसेंस को निलंबित अथवा निरस्त किए जाने की संस्तुति भी विभाग को भेजी गई है।

नियमों की अनदेखी पर विभाग का सख्त रुख।

IMG 20260627 WA0087निरीक्षण के दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा उससे संबंधित नियमों के अनुपालन की गहन जांच की गई। जांच में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि दवा कारोबार में नियमों का पालन अनिवार्य है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

फार्मासिस्ट की मौजूदगी से लेकर रिकॉर्ड तक हुई जांच।

IMG 20260627 WA0086अभियान के दौरान मेडिकल स्टोरों में पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपलब्धता, दवाओं के विधिसम्मत क्रय-विक्रय, स्टॉक एवं अभिलेखों के रखरखाव सहित अन्य आवश्यक मानकों की भी जांच की गई। जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गईं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी खामियां दूर कर विभाग को अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जनस्वास्थ्य सर्वोपरि, अभियान रहेगा जारी

औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने संबंधित प्रतिष्ठानों को अनुज्ञापत्र की सभी शर्तों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने साफ किया है कि सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *