हरिद्वार में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए जिला आबकारी विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। सीमित संसाधनों और कम स्टाफ के बावजूद आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में ज्वालापुर, ऋषिकुल चौराहा और बैरागी कैंप सहित कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आबकारी विभाग की इस मुस्तैद कार्रवाई से अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सीमित संसाधनों में भी जिस सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ आबकारी विभाग कार्रवाई कर रहा है, वह कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।
