मोंटी अंसारी ने फूँका चुनावी शंखनाद, 2 मई की रैली को बताया ऐतिहासिक
मंगलौर विधानसभा में आगामी चुनावी हलचलों के बीच राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। दिवंगत विधायक हाजी सरवत करीम अंसारी के पुत्र एवं रालोद के वरिष्ठ नेता उबेदुर्रहमान उर्फ मोंटी पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी शिद्दत से जुट गए हैं। सोमवार को मंगलौर आगमन पर रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक चंद त्यागी का मोंटी अंसारी और उनके सैकड़ों समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया, जो क्षेत्र में पार्टी के बढ़ते प्रभाव का संकेत है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक चंद त्यागी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड के प्रत्येक गली-मोहल्ले में रालोद को सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को आदर्शवादी नेता बताते हुए कहा कि पार्टी उनके सर्वसमावेशी विचारों को लेकर आगे बढ़ रही है। 2 मई को हरजौली जट्ट गांव में होने वाली राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की रैली को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
वरिष्ठ रालोद नेता उबेदुर्रहमान उर्फ मोंटी ने अपने संबोधन में गठबंधन की राजनीति और अपनी भविष्य की योजनाओं पर बेबाकी से विचार रखे। मोंटी अंसारी ने कहा, “केंद्र में रालोद और भाजपा गठबंधन की सरकार है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि यदि उत्तराखंड में भी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा जाता है, तो मंगलौर विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी के रूप में मुझे सेवा का अवसर मिलेगा।” उन्होंने 2 मई की रैली को निर्णायक बताते हुए कहा, “आगामी 2 मई को मंगलौर की धरती पर होने वाली जयंत चौधरी की ऐतिहासिक रैली यह साबित कर देगी कि उत्तराखंड में रालोद कितनी मजबूत हो चुकी है। मंगलौर उत्तराखंड का प्रवेश द्वार है और यहीं से पार्टी के स्वर्णिम भविष्य का आगाज हो रहा है।”
मोंटी अंसारी ने युवाओं की बढ़ती भागीदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि आज का युवा वर्ग जयंत चौधरी के विजन और नीतियों से प्रभावित होकर तेजी से पार्टी से जुड़ रहा है। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता इस रैली को सफल बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। इस दौरान क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग और भारी संख्या में रालोद समर्थक उपस्थित रहे। मोंटी अंसारी की इस सक्रियता ने मंगलौर के राजनीतिक समीकरणों को एक नई दिशा दे दी है।
