June 1, 2026
7971f172-a6bb-4d20-8196-bf0d4f74e929.jpg

गढ़कोट में दैवीय आपदा से प्रभावित परिवार को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, रेड क्रॉस ने उपलब्ध कराए त्रिपाल और कंबल।

विकासखंड चम्पावत के ग्राम गढ़कोट में आकाशीय बिजली गिरने से एक गौशाला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें रखी सूखी घास में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ। हादसे में गौशाला के भीतर बंधी एक गाय की बछिया की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद प्रभावित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सोमवार को जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं सहायता कार्य शुरू कर दिया।

तहसीलदार बृजमोहन आर्या ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पीड़ित गृहस्वामी डूंगर देव पुत्र सीताराम को 20 हजार रुपये की अनुमन्य आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत मिली।

आर्थिक सहायता के अलावा रेड क्रॉस समिति ने भी मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए प्रभावित परिवार को त्रिपाल और कंबल जैसी आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई, ताकि परिवार को अस्थायी आवास और ठंड से बचाव में मदद मिल सके।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर डूंगर देव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में प्रशासन ने तत्परता दिखाकर उन्हें बड़ी राहत प्रदान की है। इस दौरान राजस्व विभाग, पशुपालन विभाग एवं रेड क्रॉस समिति के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों में सहयोग किया।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *