June 29, 2026
IMG-20260629-WA0066

देहरादून। राजधानी देहरादून में रेस्टोरेंट की पार्किंग में युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुट गई है।

पुलिस को दी गई तहरीर में पसवन विहार निवासी प्रियांश जैन ने आरोप लगाया है कि 28 जून की रात वह अपने मित्रों के साथ आईएसबीटी क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट गया था। रात करीब दो बजे जब वह अपनी कार लेने के लिए पार्किंग में पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसे घेर लिया। पीड़ित का आरोप है कि बिना किसी उकसावे के पहले गाली-गलौज की गई और फिर धारदार हथियार, मुक्कों तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया गया।

तहरीर के अनुसार हमले में उसके सिर, चेहरे और कान पर गंभीर चोटें आईं। उसने आरोप लगाया कि हमलावर लगातार जान से मारने की धमकी देते रहे, जिसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल हुआ। घटना के बाद उसका उपचार कराया गया।

पीड़ित ने अपनी शिकायत में कई लोगों को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *