देश में नकली भारतीय करेंसी नोटों से जुड़े अब तक के बड़े मामलों में शामिल 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोटों की बरामदगी ने जांच एजेंसियों को भी हैरान कर दिया है। इस मामले में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी NIA ने अपनी कार्रवाई तेज करते हुए हिमाचल प्रदेश के मनाली से हरीश रौंटा को गिरफ्तार किया है। इससे पहले 16 अक्टूबर को हरियाणा के अंबाला से अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया था। NIA के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर बड़े पैमाने पर नकली भारतीय करेंसी नोटों की छपाई और उनकी सप्लाई की कथित साजिश में शामिल होने का आरोप है।
इस पूरे मामले का खुलासा 29 अगस्त 2026 को हुआ था, जब उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोट बरामद होने की सूचना मिली। जांच के दौरान बैंक के तीन कर्मचारियों की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। शुरुआत में स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन 3 सितंबर को NIA ने जांच अपने हाथ में ले ली। एजेंसी इससे पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब NIA इस कथित नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगालने में जुटी है, ताकि नकली नोटों की छपाई, सप्लाई और बैंक के करेंसी चेस्ट तक पहुंचने के पीछे शामिल अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा किया जा सके।
