16 नवंबर से चल रहा अभियान, गांवों और वार्डों तक पहुंचेंगी मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन; राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सुरक्षित रखी गईं प्रशिक्षण मशीनें
हरिद्वार: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में हरिद्वार जिले में मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। 16 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर लोगों को मतदान की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) पूरी होने के बाद प्रशिक्षण और जागरूकता गतिविधियों के लिए कुल 181 ईवीएम मशीनें चिन्हित की गई हैं। इनमें से 23 बैलेट यूनिट, 23 कंट्रोल यूनिट और 23 वीवीपैट को अलग स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। मशीनों को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत पूरी की गई। मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई है।
11 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगी मोबाइल वैन
मतदाताओं को मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर बनाए गए हैं। यहां आम नागरिक खुद ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से वोट डालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन देख सकेंगे।
इसके अलावा जिले के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन तैनात की गई हैं। ये वैन गांवों, मोहल्लों, वार्डों, मतदान केंद्रों और अलग-अलग क्लस्टरों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगी। नागरिकों को मॉकपोल यानी दिखावटी मतदान के जरिए भी मतदान प्रक्रिया समझने का अवसर मिलेगा।
चुनाव की घोषणा तक जारी रहेगा अभियान
निर्वाचन विभाग के मुताबिक विधानसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित होने तक ईवीएम और वीवीपैट को लेकर यह प्रत्यक्ष जागरूकता अभियान जारी रहेगा। चुनाव की घोषणा के बाद इस तरह की गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी।
अभियान की प्रगति पर भी निगरानी रखी जाएगी। डेमोंस्ट्रेशन सेंटर और मोबाइल वैन के जरिए कितने मतदान केंद्रों को कवर किया गया, कितने लोगों ने प्रदर्शन देखा और कितने नागरिकों ने मॉकपोल में हिस्सा लिया, इसकी साप्ताहिक या पाक्षिक रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं और संभ्रांत नागरिकों से अभियान में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझकर मतदाता आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक जागरूकता के साथ अपनी भागीदारी निभा सकते हैं।
