हरिद्वार। धर्म, आस्था और सेवा की आड़ में युवती के कथित शोषण का मामला सामने आने के बाद अब इस पूरे घटनाक्रम में एक नया मोड़ आ गया है। जिस युवती ने एक कथित साधु पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे, वही युवती अब पुलिस से दूरी बनाती नजर आ रही है।
मामले में शिकायत पत्र सामने आने के बाद शुरुआत में इसे गंभीर आरोपों से जुड़ा घटनाक्रम माना जा रहा था। लेकिन अब जानकारी सामने आ रही है कि शिकायत के बाद पुलिस की ओर से युवती से बार-बार संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। उसे थाने पहुंचकर अपना पक्ष रखने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन युवती अभी तक थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराने के लिए सामने नहीं आई है।
ऐसे में इस पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े होने लगे हैं। आखिर शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद शिकायतकर्ता खुद पुलिस के सामने आने से क्यों बच रही है? क्या युवती वास्तव में किसी दबाव में है, या फिर इस शिकायत के पीछे कोई दूसरी कहानी है? क्या यह मामला वास्तव में शोषण से जुड़ा है, या फिर कहीं यह आरोप-प्रत्यारोप, हनी ट्रैप अथवा मी टू जैसे किसी दूसरे घटनाक्रम की ओर तो इशारा नहीं कर रहा? फिलहाल इन तमाम सवालों के जवाब सामने आना बाकी है।
सनातन धर्म की छवि और पुलिस की जिम्मेदारी पर भी सवाल।

इस घटनाक्रम को लेकर एक और महत्वपूर्ण सवाल है। यदि किसी ने धर्म और साधु-संतों की पहचान की आड़ में गलत काम किया है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन बिना जांच किसी पर आरोपों को सच मान लेना भी उचित नहीं है। सनातन धर्म और साधु-संतों की परंपरा करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी है। ऐसे में गंभीर आरोपों की सच्चाई सामने आना और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई होना जरूरी है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर पर तथ्यों की जांच करती है या फिर शिकायतकर्ता के थाने नहीं पहुंचने के चलते मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। आखिर यह शिकायत किसी गंभीर अपराध की शुरुआत है या आरोपों के पीछे कोई दूसरी कहानी, इसका खुलासा निष्पक्ष जांच से ही हो सकेगा।
फिलहाल सवाल बरकरार है और जवाब का इंतजार है।
