अल्मोड़ा -मल्ला धनेटा स्थित प्राचीन एवं पौराणिक बद्रीनाथ मंदिर में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान और विशाल भंडारे ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजा-अर्चना के बीच संपन्न हुए इस आयोजन में दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीनाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।धार्मिक आयोजन के समापन पर आयोजित विशाल भंडारे में क्षेत्र के लगभग 60 से 70 गांवों के श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। मंदिर परिसर दिनभर श्रद्धालुओं से भरा रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद इस स्तर का भव्य धार्मिक आयोजन देखने को मिला, जिसने पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना दिया।
धर्म और संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़ने का भी कार्य करते हैं। ग्रामीणों ने भी इस आयोजन को सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक बताया।
जनप्रतिनिधियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में विधायक महेश जीना, उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत तथा भाजपा जिला अध्यक्ष (रानीखेत-अल्मोड़ा) घनश्याम भट्ट मुख्य रूप से मौजूद रहे। मंदिर समिति की ओर से अतिथियों का बुके, शॉल, रुद्राक्ष माला और गंगाजली भेंट कर सम्मान किया गया।
मंदिर समिति की रही अहम भूमिका।
आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन मदन मोहन ने किया, जबकि मंदिर समिति के पदाधिकारियों और क्षेत्र की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि पर्वतीय क्षेत्रों में आज भी आस्था, परंपरा और सामाजिक सहभागिता की जड़ें उतनी ही मजबूत हैं, जितनी सदियों पहले थीं।
