May 15, 2026
2ec10a22-7fee-42cb-a17a-f06e34a03ba5.jpg

जनपद हरिद्वार के उप श्रमायुक्त विपिन कुमार ने सभी श्रमिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नॉन इंजीनियरिंग उद्योगों जैसे फार्मा एवं फूड कंपनियों में अकुशल श्रमिकों का कुल वेतन 13,018 रुपये निर्धारित है, जिसमें पीएफ और ईएसआई कटौती के बाद लगभग 11,358 रुपये प्राप्त होते हैं। उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग उद्योगों जैसे बाइक एवं वाहन निर्माण कंपनियों में श्रमिकों का वेतन 13,800 रुपये है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वेतन वृद्धि को लेकर कई प्रकार की भ्रामक पोस्ट और फोटो प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे श्रमिकों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

उप श्रमायुक्त ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की ओर से अभी तक वेतन वृद्धि संबंधी कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। भविष्य में यदि ऐसा कोई आदेश जारी होता है और राज्य सरकार द्वारा लागू किया जाता है तो संबंधित कंपनियों में भी उसे तत्काल प्रभाव से लागू कराया जाएगा। उन्होंने श्रमिकों से किसी भी बहकावे में न आने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को किसी प्रकार की समस्या या शिकायत है तो वे रोशनाबाद स्थित श्रम विभाग कार्यालय पहुंचकर संबंधित अभिलेख देख सकते हैं।

इसके अलावा ओवरटाइम, बोनस, एरियर अथवा अन्य किसी शिकायत के संबंध में अधिकतम पांच श्रमिक प्रतिनिधि कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित या मौखिक रूप से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उप श्रमायुक्त ने कहा कि श्रम विभाग सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका समाधान करेगा। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में शांति बनाए रखने और शांतिपूर्वक अपने-अपने प्रतिष्ठानों में कार्य करने की अपील भी की।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *