हरिद्वार। धार्मिक नगरी हरिद्वार और पूरे उत्तराखंड का नाम एक बार फिर फिल्म जगत में चमका है। उत्तराखंड पुलिस में तैनात फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट अक्षय कुमार के बेटे और होनहार बाल कलाकार अनंत उर्फ मोनू ने देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (DIFF) में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया है। डायरेक्टर मनोज शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘एक बहता जीवन’ में अनंत के शानदार अभिनय की चौतरफा सराहना की जा रही है।इस प्रतिष्ठित समारोह में बॉलीवुड के सुपरस्टार दीपक पाराशर और जाने-माने अभिनेता व मशहूर कॉमेडियन हेमंत पांडे ने अनंत को मंच पर ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। दिग्गज कलाकारों के हाथों मिला यह सम्मान न सिर्फ अनंत की प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए एक बेहद गर्व का क्षण है।
‘अपहरण 2′ से शुरू हुआ सफर, अब वेब सीरीज ‘चारपाई’ में दिखेगा दमदार अंदाज।
अनंत का अभिनय का सफर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने मशहूर वेब सीरीज ‘अपहरण 2′ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। अपनी पहली ही सीरीज से दर्शकों का ध्यान खींचने के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार कई फिल्मों में अपनी कला का प्रदर्शन किया।
बाल कलाकार अनंत जल्द ही उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित एक बेहद खास वेब सीरीज ‘चारपाई’ में मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। यह सीरीज जल्द ही दर्शकों के सामने रिलीज होगी, जिसमें अनंत का एक नया और दमदार अंदाज देखने को मिलेगा।
पिता देश सेवा में, बेटा कला के क्षेत्र में बढ़ा रहा मान
एक तरफ जहां अनंत के पिता अक्षय कुमार उत्तराखंड पुलिस में फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट के रूप में अपनी सेवाएं देकर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में मदद कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनका बेटा कला के क्षेत्र में प्रदेश का मान बढ़ा रहा है। अनंत की इस बड़ी उपलब्धि पर उनके परिवार, पुलिस महकमे और पूरे हरिद्वार में खुशी की लहर है। हर कोई इस नन्हे स्टार के उज्जवल भविष्य की कामना कर रहा है।
